27 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/मल्हार
बिलासपुर/मस्तूरी। थाना मस्तूरी चौकी मल्हार पुलिस ने महज 7 दिनों के भीतर मोटरसाइकिल चोरी के मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने बड़ी चालाकी से लिफ्ट लेने के बाद “पानी पाउच” का बहाना बनाकर प्रार्थी की बाइक पार कर दी थी।

मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 20 अप्रैल 2026 को प्रार्थी भारत लाल केवट, निवासी ग्राम पकरिया (जांजगीर-चांपा), अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक CG 11 BH 4552 से अपने ससुराल वेदपरसदा मस्तूरी आया हुआ था। वापसी के दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने लिफ्ट मांगी और बाइक पर बैठ गया। ग्राम बुढ़िखार पहुंचने पर आरोपी ने पानी पाउच लाने के बहाने प्रार्थी को होटल भेज दिया। जैसे ही प्रार्थी पानी लेने गया, आरोपी मौके का फायदा उठाकर बाइक लेकर फरार हो गया।

घटना की रिपोर्ट चौकी मल्हार में दर्ज होने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की लगातार जांच की गई। फुटेज के आधार पर आरोपी की तस्वीर निकालकर विभिन्न गांवों में पहचान कराई गई।

मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर पता चला कि आरोपी नरोत्तम दास वैष्णव (55 वर्ष), निवासी ग्राम गीधपुरी, थाना पचमढ़ी, चोरी की बाइक को अपने घर में कपड़े से ढककर छुपाकर रखा है। पुलिस ने दबिश देकर आरोपी के घर से मोटरसाइकिल बरामद कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिवत कार्रवाई करते हुए प्रकरण दर्ज कर लिया है।
कार्रवाई में इनकी रही अहम भूमिका:उप निरीक्षक अवधेश सिंह, प्रधान आरक्षक मनोज, आरक्षक किशन राय और आरक्षक श्यामलाल सोनवानी की इस सफलता में विशेष भूमिका रही।
