बिलासपुर। साइबर ठगी की रकम के लेन-देन में इस्तेमाल हो रहे संदिग्ध बैंक खाते का बिलासपुर एसीसीयू और मल्हार पुलिस ने खुलासा किया है। बैंक ऑफ महाराष्ट्र के इस खाते के खिलाफ समन्वय पोर्टल पर साइबर ठगी की पांच शिकायतें दर्ज मिलीं। जांच में खाते के माध्यम से यूपीआई और एटीएम से रकम के हस्तांतरण एवं आहरण की जानकारी सामने आई। पुलिस ने खाताधारक बलवान घृतलहरे (31), निवासी परसाडीह, जिला बलौदाबाजार को गिरफ्तार किया है।
पुलिस मुख्यालय से मिले निर्देश के बाद एसीसीयू बिलासपुर और मल्हार पुलिस ने संदिग्ध खाते की जांच की। बैंक विवरण और शिकायतों के विश्लेषण में साइबर ठगी से संबंधित रकम के साथ अन्य राशि भी खाते में जमा होने की जानकारी मिली। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया खाते का इस्तेमाल कथित आपराधिक षड्यंत्र के तहत ठगी की रकम को विभिन्न माध्यमों से हस्तांतरित करने में किए जाने के तथ्य सामने आए हैं।
मामले में आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 61, 317(5) और 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया तथा न्यायिक रिमांड पर पेश किया गया। पुलिस खाते से जुड़े लेन-देन और अन्य पहलुओं की विस्तृत जांच कर रही है। बिलासपुर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपना बैंक खाता अनजान व्यक्तियों को इस्तेमाल करने के लिए न दें और किसी भी संदिग्ध लेन-देन से बचें।
