रायगढ़। शेयर बाजार में रकम दोगुनी करने का लालच देकर ग्रामीण महिलाओं से 70 लाख 77 हजार 901 रुपये की ठगी के मामले में साइबर थाना पुलिस ने मुख्य आरोपी मिनकेतन सिदार को गिरफ्तार किया है। तमनार क्षेत्र में दबिश देकर पकड़े गए आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन जब्त किया गया है। पुलिस ने उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में पहले गिरफ्तार महिला आरोपी मेनका सारथी से पूछताछ के दौरान मिनकेतन की भूमिका सामने आई थी।
पुलिस के अनुसार, ग्राम जतरी और आसपास के गांवों की महिलाओं को कम समय में रकम दोगुनी करने और मोटा मुनाफा दिलाने का भरोसा दिलाकर निवेश के नाम पर पैसे लिए गए थे। शिकायत में हारा बाई निषाद सहित कई महिलाओं ने लाखों रुपये देने की बात कही है। शुरुआत में कुछ निवेशकों को मुनाफे की रकम लौटाकर विश्वास जीता गया, लेकिन बाद में मूलधन और मुनाफा देना बंद कर दिया गया। पीड़ितों का आरोप है कि उनकी रकम शेयर बाजार में लगाने के बजाय निजी उपयोग में ली गई, जबकि कुछ महिलाओं ने कर्ज लेकर भी पैसे दिए थे।
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में हुई जांच में बैंक खातों के लेनदेन, पीड़ितों के बयान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की गई। पुलिस के मुताबिक, मिनकेतन ने मेनका सारथी के साथ मिलकर कथित तौर पर ठगी की योजना बनाई थी, जबकि मामले में अक्षय सारथी और मीरा सोनवानी की भूमिका भी जांच के दायरे में है। साइबर थाना में 22 जुलाई 2026 को अपराध क्रमांक 11/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 3(5) में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश और मामले की विवेचना कर रही है।
