बेमेतरा। जिले में गांजा तस्करी के मामले में बेमेतरा पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, कोमल प्रसाद साहू (32), निवासी ग्राम हसुवा, जिला बलौदाबाजार, ओडिशा से कार के जरिए गांजा लाकर स्थानीय आरोपियों को बेचता था। साइबर सेल और सिटी कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपी के कब्जे से तस्करी में इस्तेमाल कार और मोबाइल सहित कुल 8 लाख 6 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है। आरोपी को 12 अक्टूबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया।
मामले में पुलिस ने 10 अक्टूबर को ग्राम जिया स्थित ईंट भट्ठे और ग्राम कुसमी में कार्रवाई कर चंद्रशेखर चक्रधारी और पवन पाठक को गांजा बेचने के आरोप में पकड़ा था। पूछताछ में राजेंद्र उर्फ मोनू चक्रधारी की भूमिका सामने आई। इन आरोपियों के कब्जे से कुल 10 किलो 930 ग्राम गांजा, जिसकी कीमत करीब 5 लाख 47 हजार 900 रुपये बताई गई, तथा मोबाइल जब्त किया गया था। इस मामले में दो अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर तीन आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत कार्रवाई की गई थी।
विवेचना के दौरान कोमल प्रसाद साहू की संलिप्तता सामने आने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने राजेंद्र चक्रधारी के साथ मिलकर कार क्रमांक CG 04 RC 6524 से ओडिशा से गांजा लाने और चंद्रशेखर चक्रधारी व पवन पाठक को बेचने की बात स्वीकार की। पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में साइबर सेल और सिटी कोतवाली की टीम शामिल रही। बेमेतरा पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।
