रायगढ़। नाबालिग बालिकाओं की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे अभियान संवेदना के तहत रैरूमाखुर्द पुलिस ने 16 वर्षीय बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाने और शादी का प्रलोभन देकर शारीरिक शोषण करने के आरोप में 34 वर्षीय परमानंद कंवर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बालिका को ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले से सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द किया। साथ ही घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 13 AW 1784 भी जब्त की गई है।
मामले की शुरुआत 25 सितंबर 2026 को हुई, जब बालिका के पिता ने पुलिस चौकी रैरूमाखुर्द में उसके लापता होने की शिकायत दर्ज कराई। विवेचना के दौरान सूचना मिली कि बालिका ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले के हिमगीर थाना क्षेत्र अंतर्गत रेगारपानी में है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर बालिका को बरामद किया। पीड़िता के कथन और मेडिकल परीक्षण की प्रक्रिया के बाद आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के साथ पॉक्सो अधिनियम की धारा 4 और 6 जोड़ी गईं।
फरार आरोपी परमानंद कंवर, पिता छवि कंवर, निवासी रेगारपानी को पुलिस ने उसके गांव के मुख्य मार्ग पर मोटरसाइकिल के साथ पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ और विवेचना के दौरान उसके खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य जुटाए गए। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन और एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के पर्यवेक्षण में की गई।
