रायपुर में 11 अक्टूबर 2026 को आयोजित प्रदेश की पहली राज्य स्तरीय इंड्योरेंस स्केटिंग चैंपियनशिप में बिलासपुर की नन्हीं खिलाड़ी आव्या अग्रवाल (पाखी) ने शानदार प्रदर्शन कर दो पदक अपने नाम किए। साउथ ईस्ट सेंट्रल रेलवे स्कूल नंबर-2 की कक्षा दूसरी की छात्रा आव्या ने 20 सेकंड की दौड़ में स्वर्ण पदक और एक मिनट की दौड़ में रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से 400 से अधिक स्केटर्स ने हिस्सा लिया।

प्रतियोगिता का आयोजन रायपुर में महादेव घाट के पास स्थित ब्रह्मविद स्कूल में किया गया, जहां खिलाड़ियों ने गति, संतुलन और तकनीकी कौशल का प्रदर्शन किया। आव्या की इस उपलब्धि के साथ ही जनवरी 2027 में कर्नाटक के बेलगाम में होने वाली राष्ट्रीय इंड्योरेंस प्रतियोगिता के लिए भी उनका चयन हुआ है। अब राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए आव्या तैयारी करेंगी।

आव्या अग्रवाल (पाखी) जूना बिलासपुर के प्रतिष्ठित नागरिक श्री संतोष एवं संध्या अग्रवाल की सुपौत्री तथा अंकुश एवं गीतांजलि अग्रवाल की सुपुत्री हैं। उनकी इस उपलब्धि से परिवार में खुशी का माहौल है। कोच ए. फ्रैंकलिन के मार्गदर्शन में आव्या ने यह सफलता हासिल की है। कम उम्र में दो पदक जीतकर राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित होना उनकी मेहनत, लगन और खेल प्रतिभा को दर्शाता है।
