बिलासपुर। एसईसीएल मुख्यालय की मेजबानी में 14 अक्टूबर को बहतराई स्थित स्वर्गीय बी.आर. यादव अंतरराष्ट्रीय हॉकी मैदान में अंतर-क्षेत्रीय हॉकी टूर्नामेंट 2026-27 का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में एसईसीएल मुख्यालय सहित विभिन्न संचालन क्षेत्रों की कुल 16 टीमें हिस्सा ले रही हैं। निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास ने मैदान पर गोल दागकर प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन किया।

इस अवसर पर बिरंची दास ने कहा कि हॉकी जैसे तेज गति वाले खेल में टीम भावना, आपसी समन्वय और मानसिक दृढ़ता की अहम भूमिका होती है। खेल के मैदान में विकसित होने वाले ये गुण कार्यस्थल पर भी सफलता दिलाने में सहायक हैं। उन्होंने एसईसीएल में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने, बेहतर सुविधाएं विकसित करने और खिलाड़ियों को बड़े मंचों पर अपनी प्रतिभा दिखाने के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

समारोह में महाप्रबंधक (कल्याण) बी.सी. सेठी ने स्वागत उद्बोधन दिया। वरिष्ठ हॉकी खिलाड़ी एवं कल्याण विभाग के वरिष्ठ डीईओ राजेश हेनरी ने प्रतिभागियों को खेल भावना, अनुशासन और निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा की शपथ दिलाई।

कार्यक्रम में एसईसीएल मुख्यालय के विभागाध्यक्ष, जेसीसी एवं कल्याण मंडल के सदस्य, सिस्टा और विभिन्न एसोसिएशनों के प्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी तथा डीएवी स्कूल के प्राचार्य उपस्थित रहे।
