27 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/सिविल लाइन
बिलासपुर। शहर के रिहायशी अपार्टमेंट्स में लगातार हो रही चोरियों का आखिरकार पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। बिलासपुर पुलिस ने अंतरराज्यीय चोर गिरोह पर बड़ा प्रहार करते हुए कुख्यात आरोपी ताज मोहम्मद को गिरफ्तार किया है, जिसके खिलाफ देश के कई राज्यों में 47 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के मार्गदर्शन में एसीसीयू और सिविल लाइन थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस ने करीब 20 दिनों तक दिल्ली और मेरठ में डेरा डालकर गहन जांच की, जिसके बाद 24 अप्रैल 2026 को आरोपी को मेरठ से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ताज मोहम्मद अपने साथी वसीम मोहम्मद के साथ मिलकर बिलासपुर के साकेत अपार्टमेंट और रियल हेवन अपार्टमेंट में चोरी की वारदात को अंजाम देता था। दोनों आरोपी घटना से पहले रेकी करते थे और फिर सुनसान फ्लैट्स को निशाना बनाते थे।
घटना के बाद पुलिस ने शहरभर के 300 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले, फिंगरप्रिंट जुटाए और साइबर सेल की मदद से आरोपियों की पहचान की। तकनीकी विश्लेषण और लगातार पीछा करने के बाद पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही।

गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से 35.34 ग्राम गला हुआ सोना, जिसकी कीमत लगभग 4.99 लाख रुपये है, तथा सोना गलाने की चिमनी बरामद की गई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि चोरी के जेवरों को वह खुद ही गलाकर छुपा देता था ताकि पहचान न हो सके।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ गाजियाबाद, दिल्ली, जयपुर, अलीगढ़, लुधियाना और मेरठ समेत कई शहरों में गंभीर अपराध दर्ज हैं। वहीं उसका साथी वसीम मोहम्मद फिलहाल दिल्ली जेल में बंद है, जिसे जल्द ही बिलासपुर लाया जाएगा।
इस सफल कार्रवाई में नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन श्री निमितेश सिंह, थाना प्रभारी एस.आर. साहू, एसीसीयू प्रभारी गोपाल सतपथी सहित पूरी टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने टीम की सराहना करते हुए उन्हें पुरस्कृत करने की घोषणा की है।
