24 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर शुक्रवार सुबह सरकंडा क्षेत्र के सीपत चौक में अवैध गैस सिलेंडर भंडारण और रिफिलिंग के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी छापामार कार्रवाई की। खाद्य नियंत्रक अमृत कुजूर के मार्गदर्शन में एएफओ अजय मौर्य और विनीता दास के नेतृत्व में टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए एक बड़े अवैध कारोबार का पर्दाफाश किया।

कार्रवाई के दौरान “महामाया गैस चूल्हा सुधारक एवं विक्रेता” तथा गर्ल्स हॉस्टल संचालक लव निमेष जायसवाल के कब्जे से 19 नग 14.2 किलोग्राम के भरे एवं आंशिक भरे घरेलू गैस सिलेंडर और 35 नग 5 किलोग्राम के घरेलू व व्यावसायिक सिलेंडर बरामद किए गए। इस तरह कुल 54 गैस सिलेंडर जब्त किए गए। इसके अलावा मौके से 7 रिफिलिंग बंशी (नोजल), एक इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन सहित अन्य उपकरण भी जब्त किए गए।

जांच में खुलासा हुआ कि बिना किसी वैध अनुमति के गैस सिलेंडरों का भंडारण कर अवैध रूप से रिफिलिंग और विक्रय किया जा रहा था। इस अवैध गतिविधि से सुरक्षा मानकों की अनदेखी हो रही थी, जिससे आसपास के लोगों की जान-माल को गंभीर खतरा बना हुआ था।

टीम ने तत्परता दिखाते हुए सभी जब्त सामग्री को सुरक्षित किया और मौके से गुजर रही कोनी इंडेन गैस एजेंसी की डिलीवरी वैन को रोककर सिलेंडरों को एजेंसी के सुपुर्द किया।
इसी दौरान “विजय स्टील” नामक प्रतिष्ठान, जिसके संचालक सनटी अग्रवाल बताए जा रहे हैं, वहां से भी 2 घरेलू गैस सिलेंडर, 3 रिफिलिंग बंशी और एक तौल मशीन जब्त की गई।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस प्रकार की अवैध गतिविधियों पर सख्ती से अंकुश लगाया जाएगा और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी
