बिलासपुर। तखतपुर विकासखंड के ग्राम बांधा की बेटी कुमारी शारदा गोस्वामी ने जूडो के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपने परिवार, गांव और गोस्वामी समाज को गौरवान्वित किया है। 26वीं राज्य स्तरीय सब-जूनियर एवं कैडेट जूडो चैंपियनशिप के शुभारंभ अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका ने शारदा गोस्वामी को उत्कृष्ट खिलाड़ी के रूप में सम्मानित किया। उनकी इस उपलब्धि से ग्राम बांधा सहित पूरे गोस्वामी समाज में हर्ष और गर्व का माहौल है।
कुमारी शारदा गोस्वामी, श्री भरत पुरी गोस्वामी की पोती तथा वीरेंद्र पुरी गोस्वामी और पुष्पा गोस्वामी की बेटी हैं। उनकी इस उपलब्धि ने साबित किया है कि प्रतिभा, मेहनत और अनुशासन के दम पर ग्रामीण अंचल की बेटियां भी खेल के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बना सकती हैं।

शारदा की सफलता क्षेत्र की अन्य बेटियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। राज्यपाल के हाथों सम्मानित होकर उन्होंने अपने परिवार और गांव का गौरव बढ़ाया है। गोस्वामी समाज ने उनकी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और खेल के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल करने की कामना की है।
