कोरबा। कोल इंडिया के चेयरमैन बी. साईराम ने 10 अक्टूबर 2026 को एसईसीएल की गेवरा खदान का दौरा कर विभिन्न खनन क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उत्पादन व्यवस्था, मशीनों की कार्यप्रणाली और सुरक्षा सुविधाओं का जायजा लेने के साथ विभागीय एवं ठेका श्रमिकों से सीधे बातचीत की। उन्होंने खदान के व्यू पॉइंट से माइन प्लान की जानकारी भी ली।

निरीक्षण के दौरान चेयरमैन 21 क्यूबिक मीटर क्षमता वाले टाटा हिताची इलेक्ट्रिक शॉवेल पर स्वयं चढ़े और ऑपरेटर केबिन का जायजा लिया। उन्होंने ऑपरेटर से मशीन की सुरक्षा सुविधाओं और कार्यस्थल पर सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसके अलावा पार्थ शॉवेल, 240 टन क्षमता वाले डंपर, कृष्णा शॉवेल सहित केजेएसएल, देव माइनिंग, पीएनसी और सैनिक माइनिंग पैच का निरीक्षण कर वहां कार्यरत कर्मचारियों एवं श्रमिकों से संवाद किया।

गेवरा हाउस में चेयरमैन ने दीपका और गेवरा की टीमों के साथ बैठक कर उत्पादन, उत्पादकता और आगामी कार्ययोजना की समीक्षा की। अब वह 11 अक्टूबर को दीपका और कुसमुंडा खदानों का दौरा करेंगे। इस दौरान एसईसीएल के निदेशक (तकनीकी-संचालन) रमेश चंद्र महापात्र, निदेशक (तकनीकी-योजना एवं परियोजना) नृपेन्द्र नाथ सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
