रायगढ़ में शादी का झांसा देकर युवती का शारीरिक शोषण करने और बाद में शादी से इनकार कर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने खरसिया क्षेत्र के 22 वर्षीय आरोपी सागर पटैल उर्फ छोटू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, युवती आरोपी को पहले से जानती थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध होने के बाद आरोपी ने शादी का भरोसा दिलाया था।

पीड़िता ने 20 नवंबर 2026 को महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई कि 7 सितंबर 2026 की रात आरोपी उसके घर पहुंचा और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। अगले दिन शादी करने का भरोसा देकर उसे बिलासपुर ले गया, जहां एक मंदिर में उसकी मांग में सिंदूर भरकर शादी होने की बात कही और अपने घर ले आया। कुछ समय बाद जब युवती के परिजनों ने सामाजिक रीति-रिवाज से विवाह करने की बात रखी तो आरोपी टालमटोल करने लगा। बाद में उसने शादी से साफ इनकार कर दिया और दबाव बनाने पर युवती को जान से मारकर फेंक देने की धमकी दी। शिकायत के आधार पर महिला थाना में अपराध दर्ज कर पुलिस टीम ने खरसिया स्थित आरोपी के घर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

यह कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन, एएसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन और डीएसपी उन्नति ठाकुर के पर्यवेक्षण में महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त सहित पुलिस टीम ने की। एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं के विरुद्ध अपराधों में रायगढ़ पुलिस संवेदनशीलता और तत्परता से कार्रवाई करेगी तथा पीड़िताओं को त्वरित न्याय दिलाना प्राथमिकता रहेगी।
