बिलासपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत आवास प्लस 2.0 की हितग्राही चयन सूची को लेकर ग्राम पंचायत हथनी नवागांव में विवाद खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने सरपंच, पंच और उपसरपंच पर पद का दुरुपयोग कर अपने ही परिवार के सदस्यों के नाम हितग्राही सूची में शामिल करवाने का गंभीर आरोप लगाया है। वहीं, गांव के वास्तविक गरीब और जरूरतमंद परिवारों को योजना के लाभ से वंचित रखने का दावा करते हुए ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर को लिखित शिकायत सौंपकर मामले में हस्तक्षेप की मांग की है।

शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि हितग्राही चयन की प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से नहीं की गई और कथित तौर पर प्रभावशाली लोगों के परिवारों को प्राथमिकता दी गई। इससे शासन की महत्वाकांक्षी आवास योजना का लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंचने पर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों ने चयनित सूची की निष्पक्ष जांच, सरपंच-पंच-उपसरपंच के परिजनों के नाम शामिल किए जाने की पड़ताल, अपात्र हितग्राहियों के नाम हटाने और पूरे गांव में दोबारा निष्पक्ष सर्वे कराने की मांग की है।

ग्रामीणों ने कलेक्टर से छह सूत्रीय मांगों के तहत वास्तविक पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने तथा जांच में अनियमितता प्रमाणित होने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। आवेदन पर गांधीराम, श्याम, अशोक पटेल, केशव प्रसाद, नटखी कुमार, चित गोविन्द सहित अन्य ग्रामीणों के हस्ताक्षर हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस शिकायत पर कितनी गंभीरता से संज्ञान लेता है और जांच के बाद हितग्राही चयन की वास्तविक स्थिति क्या सामने आती है।
