रायगढ़। ग्राम रायमेर की शासकीय भूमि को राजस्व रिकॉर्ड में हेरफेर कर निजी व्यक्तियों के नाम दर्ज कराने और फिर उसकी रजिस्ट्री कर बिक्री करने के मामले में कापू पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस बार पुलिस ने भूमि विक्रेता उजीतराम (52 वर्ष), निवासी रायमेर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में इससे पहले तत्कालीन पटवारी राकेश साय और अनुप्रमाणक साक्षी अगस्तुस खलखो की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस अब शेष फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।

मामले का खुलासा 11 अगस्त 2026 को तहसीलदार कापू उन्मेश पटेल की शिकायत के बाद हुआ था। शिकायत के अनुसार ग्राम रायमेर की शासकीय भूमि के खसरा नंबर 479/2, 467/36, 467/25, 467/23, 310/10/ख और 310/10/2 सहित अन्य जमीनों के खसरा बंटाकन एवं राजस्व रिकॉर्ड में कथित तौर पर कूटरचना कर बाहरी व्यक्तियों के नाम फर्जी पट्टे तैयार किए गए। इसके बाद दलालों के माध्यम से जमीन की रजिस्ट्री कराई गई। जांच में तत्कालीन पटवारी राकेश साय की भूमिका सामने आने पर उसे गिरफ्तार किया गया था। उसके कब्जे से लैपटॉप और प्रिंटर भी जब्त किए गए थे। वहीं, रजिस्ट्री में गवाह बने अगस्तुस खलखो को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया था।

पुलिस के अनुसार 22 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिलने पर थाना प्रभारी निरीक्षक धर्माराम तिर्की की टीम ने उजीतराम को उसके गांव से हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ एवं विवेचना में सामने आया कि शासकीय भूमि को निजी व्यक्ति के नाम दर्ज कराने के बाद उजीतराम ने उसकी बिक्री के लिए कैलाश कुमार जेठवानी उर्फ सोनी को मुख्तारनामा दिया था, जिसके माध्यम से जमीन की बिक्री कराई गई। मामले में आरोपी की संलिप्तता के साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। प्रकरण में अन्य आरोपियों की तलाश और आगे की विवेचना जारी है।
