रायगढ़। धार्मिक स्थल पर स्थापित मूर्ति तोड़े जाने की शिकायत के बाद जूटमिल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को भी अभिरक्षा में लिया गया है। मामले में तीन आरोपियों के विरुद्ध अपराध दर्ज किया गया है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

मामला वार्ड क्रमांक 34 के सराईभद्दर जूटमिल क्षेत्र का है। 22 नवंबर को स्थानीय रहवासियों ने मंदिर की मूर्ति तोड़े जाने की लिखित शिकायत थाना जूटमिल में दर्ज कराई थी। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 734/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 298 एवं 3(5) में मामला पंजीबद्ध कर आरोपियों की तलाश शुरू की।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने राहुल चौहान (21 वर्ष), पिता लक्ष्मी चौहान, निवासी सराईभद्दर जूटमिल को गिरफ्तार किया तथा एक विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लेकर सक्षम न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया। वहीं मामले में नामजद आरोपी लक्ष्मी चौहान फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।
