बिलासपुर BREAKING NEWS: सीपत रोड के चांटीडीह में सड़क चौड़ीकरण की कार्रवाई को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। आरोप है कि सड़क चौड़ीकरण के नाम पर अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग के छात्रावासों के लिए आवंटित शासकीय जमीन पर जेसीबी से खुदाई शुरू कर दी गई है। छात्रावास परिसर की ओर 15 से 20 फीट तक मार्किंग किए जाने और बाउंड्रीवाल तोड़े जाने की आशंका से छात्र-छात्राओं में आक्रोश है। सबसे गंभीर चिंता यह है कि इसी परिसर में कक्षा पहली से पांचवीं तक के छोटे बच्चे भी आश्रम में रहकर पढ़ाई करते हैं। ऐसे में खुदाई और बाउंड्रीवाल प्रभावित होने से बच्चों की सुरक्षा, छात्राओं की निजता और छात्रावास की व्यवस्था पर संकट खड़ा हो सकता है।

राजस्व अभिलेखों के अनुसार ग्राम चांटीडीह के खसरा नंबर 561/4 की कुल 1.4970 हेक्टेयर शासकीय भूमि अनुसूचित जाति छात्रावास एवं अजाक थाना के लिए आवंटित है। इसी परिसर में शासकीय अनुसूचित जाति बालक आश्रम, पोस्ट मैट्रिक बालक छात्रावास, पिछड़ा वर्ग क्रीड़ा परिसर तथा पिछड़ा वर्ग एवं अनुसूचित जाति कन्या छात्रावास संचालित हैं। विद्यार्थियों का आरोप है कि सड़क के दोनों ओर शासकीय जमीन उपलब्ध होने के बावजूद विपरीत दिशा की जमीन पर कोई मार्किंग नहीं की गई, जबकि छात्रावास की ओर खुदाई शुरू कर दी गई। उनका सवाल है कि आखिर सड़क चौड़ीकरण की कार्रवाई से पहले दोनों ओर की जमीन का विधिवत सीमांकन क्यों नहीं कराया गया? छात्रावास अधीक्षक द्वारा 26 अक्टूबर को सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग को शिकायत देने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने का भी आरोप लगाया गया है।

इसी मामले में 23 नवंबर को समस्त छात्रावासी छात्र-छात्राओं ने कलेक्टर को आवेदन सौंपकर सात सूत्रीय मांगें रखी हैं। इनमें खसरा नंबर 19/2, 560, 559/1 और 561/4 का राजस्व सीमांकन, दोनों ओर की शासकीय जमीन का निष्पक्ष तकनीकी परीक्षण, जेसीबी से चल रही खुदाई और बाउंड्रीवाल तोड़ने की कार्रवाई पर तत्काल रोक तथा राजस्व, लोक निर्माण एवं आदिवासी विकास विभाग की संयुक्त टीम से स्थल निरीक्षण कराने की मांग शामिल है। विद्यार्थियों ने स्पष्ट किया है कि जांच और सीमांकन पूरा होने तक छात्रावास की जमीन एवं सुरक्षा संबंधी संरचनाओं को नुकसान न पहुंचाया जाए। अब बड़ा सवाल यह है कि क्या प्रशासन बच्चों की सुरक्षा और आवंटित शासकीय भूमि की वास्तविक स्थिति सुनिश्चित करने के लिए तत्काल हस्तक्षेप करेगा, या सीमांकन से पहले ही छात्रावास की सुरक्षा दीवार प्रभावित हो जाएगी?
