बिलासपुर। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के 42वें स्थापना दिवस के दो दिवसीय समारोह का मंगलवार को कंपनी मुख्यालय में भव्य शुभारंभ हुआ। समारोह में प्रख्यात प्रेरक वक्ता आनंद मुंशी ने अपने प्रेरक सत्र में नवाचार, दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयासों को सफलता का आधार बताया। वहीं, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों, खदानों, क्षेत्रों और विभागों को विभिन्न श्रेणियों में 170 से अधिक पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि एसईसीएल के सीएमडी हरीश दुहन ने कहा कि देश की ऊर्जा सुरक्षा में योगदान देना प्रत्येक कोयला कर्मी का राष्ट्रीय दायित्व है। उन्होंने टीम एसईसीएल पर विश्वास जताते हुए कहा कि सभी कर्मचारी अपने कार्यक्षेत्र में थोड़ा अतिरिक्त प्रयास करें तो कंपनी निर्धारित उत्पादन लक्ष्य हासिल कर सकती है।

पुरस्कार समारोह में भूमिगत खदानों में शारदा खदान (सोहागपुर) प्रथम, पांडवपारा (बैकुंठपुर) द्वितीय तथा खैरहा और विंध्या संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहीं। खुली खदानों में जगन्नाथपुर (भटगांव) प्रथम, बरौद (रायगढ़) द्वितीय और अमलाई (सोहागपुर) तृतीय रही। क्षेत्रीय प्रदर्शन में रायगढ़ प्रथम, भटगांव द्वितीय और बैकुंठपुर तृतीय रहा। सर्वाधिक वृद्धि के लिए कुसमुण्डा और हल्दीबाड़ी खदान को भी सम्मानित किया गया।

समारोह में निदेशक (मानव संसाधन) बिरंचि दास सहित कंपनी के अन्य निदेशक, पूर्व वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न समितियों के सदस्य और बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। स्थापना दिवस का मुख्य समारोह 25 नवंबर को आयोजित होगा, जिसमें 15 से अधिक पूर्व सीएमडी एवं निदेशक शामिल होंगे। शाम को वसंत विहार मैदान में सांस्कृतिक संध्या के दौरान मशहूर गायक डॉ. पलाश सेन अपने बैंड ‘यूफोरिया’ के साथ प्रस्तुति देंगे।
