बिलासपुर। बिलासपुर पुलिस द्वारा संचालित पुलिस पेट्रोल पंप ने पेट्रोलियम पदार्थों की बिक्री एवं व्यावसायिक संचालन में मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में प्रथम स्थान हासिल कर बड़ी उपलब्धि दर्ज की है। उत्कृष्ट प्रबंधन, बेहतर कार्यकुशलता, उपभोक्ताओं के प्रति सेवाभाव और पूरी टीम के समर्पित प्रयासों ने इस पेट्रोल पंप को दोनों राज्यों में शीर्ष स्थान तक पहुंचाया है।

इस उपलब्धि के जरिए बिलासपुर पुलिस ने साबित किया है कि कानून-व्यवस्था और जनसेवा की जिम्मेदारियों के साथ व्यावसायिक प्रबंधन के क्षेत्र में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया जा सकता है। पेट्रोल पंप के बेहतर संचालन और बिक्री में निरंतर सफलता के पीछे कर्मचारियों की मेहनत और टीमवर्क की अहम भूमिका रही है।

इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह ने पेट्रोल पंप के कर्मचारियों एवं संबंधित टीम की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने इस सफलता को भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन तथा नए कीर्तिमान स्थापित करने की प्रेरणा बताया।
