बिलासपुर। बस एजेंट से हफ्ता वसूली के लिए मारपीट और जबरन पैसे छीनने के मामले में सरकंडा पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में एक अन्य आरोपी हसन खान फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
घटना 6 अक्टूबर 2026 की रात की है। टिकरापारा निवासी शरद कश्यप अंबिका बस क्रमांक CG15-IJ-8093 में बुकिंग एजेंट का काम करता है। पेट्रोल पंप के पास बस का हिसाब बनाते समय दो बाइकों से पहुंचे चार आरोपियों ने उससे पिछले सप्ताह की रंगदारी मांगी। पैसे देने से मना करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान बस के हिसाब के करीब 11 हजार रुपये और मोबाइल गिर गए, जिनमें से लगभग 3,300 रुपये नहीं मिले। बीच-बचाव करने पहुंचे शरद के साथियों सैफी गौरी और परवेज के साथ भी मारपीट की गई। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रदीप कुमार आर्य की टीम ने कार्रवाई करते हुए तारण निर्मलकर (37), घनश्याम तोण्डे उर्फ छोटू (28) और बाला उर्फ मोन्टू यादव (27), तीनों निवासी तिफरा क्षेत्र, को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
सरकंडा थाने में अपराध क्रमांक 1450/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 296, 115(2), 351(3), 3(5) और 308(2) में मामला दर्ज है। फरार आरोपी की तलाश और मामले की आगे की जांच जारी है। पुलिस ने आमजन और व्यापारियों से अपील की है कि रंगदारी या धमकी मिलने पर तत्काल थाने में सूचना दें।
