24 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/SECL
बिलासपुर:साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए मिशन कर्मयोगी – साधना सप्ताह 2026 के अंतर्गत राष्ट्रीय स्तर पर टॉप 10 परफॉर्मिंग संगठनों में जगह बनाई है।
इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए भारत सरकार के क्षमता निर्माण आयोग द्वारा SECL के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन को प्रशंसा-पत्र प्रदान किया गया है। आयोग ने संगठन की सक्रिय भागीदारी, कोर्स पूर्णता में बेहतरीन प्रदर्शन और क्षमता निर्माण के प्रति मजबूत प्रतिबद्धता की सराहना की है।
प्रशंसा-पत्र में उल्लेख किया गया है कि 2 से 10 अप्रैल 2026 तक आयोजित साधना सप्ताह के दौरान SECL की प्रभावी भागीदारी और iGOT कर्मयोगी प्लेटफॉर्म पर व्यापक जुड़ाव, संगठन में निरंतर सीखने की संस्कृति को बढ़ावा देता है।
यह प्लेटफॉर्म सरकारी एवं सार्वजनिक क्षेत्र के कर्मचारियों को डिजिटल माध्यम से प्रशिक्षण, कौशल उन्नयन और क्षमता निर्माण का अवसर प्रदान करता है। इसी दिशा में SECL द्वारा पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास और कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) जैसे विषयों पर विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।
इस उपलब्धि पर CMD हरीश दुहन ने कहा कि यह सम्मान पूरे SECL परिवार के लिए गर्व का विषय है और यह कर्मचारियों की मेहनत, सीखने की ललक और उत्कृष्टता के प्रति समर्पण को दर्शाता है।
SECL की यह सफलता कोल इंडिया लिमिटेड के उस व्यापक विजन के अनुरूप है, जिसमें एक जिम्मेदार, दक्ष और भविष्य उन्मुख संगठन बनकर देश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के साथ बेहतर सार्वजनिक सेवा सुनिश्चित करना शामिल है।
