24 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/जांजगीर–चांपा
जांजगीर-चांपा। जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत करहि गांव में गुरुवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां नकाबपोश बदमाशों ने एक व्यवसायी के घर में घुसकर अंधाधुंध फायरिंग कर दी, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।

मिली जानकारी के अनुसार, रात करीब 12 बजे तीन नकाबपोश हमलावर घर के पीछे के रास्ते से अंदर घुसे और सो रहे परिवार पर अचानक गोलियां बरसाना शुरू कर दिया। इस हमले में 19 वर्षीय आयुष कश्यप की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि आयुष को सीने और कनपटी में गोली लगी थी। वहीं उसका छोटा भाई आशुतोष कश्यप भी गोली लगने से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

घटना के दौरान हमलावरों ने घर में पैसों की मांग भी की। शुरुआत में पुलिस इसे लूट की कोशिश मान रही थी, लेकिन परिजनों ने इस घटना के पीछे व्यावसायिक रंजिश की आशंका जताई है। बताया जा रहा है कि मृतक आयुष हाल ही में रेत के कारोबार से जुड़ा था।

मृतक के पिता सम्मेलाल कश्यप क्षेत्र के जाने-माने लोहा व्यापारी हैं, जो ब्लॉक कांग्रेस उपाध्यक्ष और पूर्व उपसरपंच भी रह चुके हैं। वहीं उनकी माता भी पूर्व सरपंच रह चुकी हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। आसपास के क्षेत्रों में नाकाबंदी कर दी गई है और अज्ञात हमलावरों की तलाश जारी है।
इस घटना के बाद पूरे गांव और आसपास के इलाकों में भय का माहौल है। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है।
(अपडेट जारी…)
