24 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/सिविल लाइन
बिलासपुर। न्यायधानी के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत मिनीबस्ती जरहाभाठा में गुरुवार रात एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। यहां एक युवक को बातचीत के बहाने बुलाकर उस पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 8:45 बजे की है। घायल युवक की पहचान साहिल बघेल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मोहल्ले के ही निवासी चुक्का रात्रे ने साहिल को किसी बात के बहाने अपने पास बुलवाया था। जैसे ही साहिल मौके पर पहुंचा, पहले से घात लगाए आरोपी और उसके साथियों ने उस पर अचानक हमला बोल दिया।

हमले में साहिल के पीठ और पेट के पास गंभीर चोटें आईं, जिससे वह लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़ा। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े और किसी तरह बीच-बचाव कर उसकी जान बचाई। इसके बाद परिजनों की मदद से उसे तुरंत थाने ले जाया गया, जहां से उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल उसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश तेज कर दी है। बताया जा रहा है कि वारदात के बाद आरोपी
फरार हो गए हैं।

प्राथमिक जांच में यह मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है ताकि घटना के पीछे की पूरी सच्चाई सामने लाई जा सके।
घटना के बाद से मिनीबस्ती जरहाभाठा क्षेत्र में भय और तनाव का माहौल है। स्थानीय लोग आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
