23 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/तखतपुर
बिलासपुर:विकासखंड तखतपुर से एक राहतभरी खबर सामने आई है, जहां डॉग बाइट के शिकार हुए 17 मरीजों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तखतपुर में सफलतापूर्वक उपचार किया गया। सभी मरीजों की हालत अब सामान्य बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तखतपुर के विभिन्न वार्डों से आज कुल 17 मरीज डॉग बाइट की शिकायत लेकर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे थे। चिकित्सा टीम ने तत्परता दिखाते हुए सभी का तुरंत प्राथमिक उपचार किया और आवश्यकतानुसार एंटी-रेबीज वैक्सीन तथा इम्यूनोग्लोबिन लगाया।
उपचार के बाद सभी मरीजों की स्थिति स्थिर और सामान्य पाई गई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. शुभा गरेवाल ने बताया कि मरीज अलग-अलग समय पर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे थे, जिससे प्रत्येक को पर्याप्त समय देकर उपचार किया गया। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा इस मामले की जानकारी नगर पंचायत प्रशासन को भी दे दी गई है।
डॉ. गरेवाल ने सभी मरीजों को रैबीज से बचाव के लिए निर्धारित पांचों टीके समय पर लगवाने की सख्त सलाह दी है। साथ ही उन्होंने आश्वस्त किया कि सभी स्वास्थ्य केंद्रों में एंटी-रेबीज वैक्सीन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, सभी मरीज फिलहाल पूरी तरह सुरक्षित हैं और घर पर रहकर उपचार ले रहे हैं। क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
स्वास्थ्य विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि डॉग बाइट की स्थिति में तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जाकर उपचार कराएं और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें।
