19 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/बेलगहना
बिलासपुर जिले के बेलगहना क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी और सुनियोजित कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 162 लीटर महुआ शराब और एक मोटरसाइकिल जब्त की है, जिसकी कुल कीमत 77,400 रुपये आंकी गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, मरहीमाता मंदिर भनवारटंक क्षेत्र में लंबे समय से अवैध शराब बिक्री की शिकायतें मिल रही थीं। यह इलाका घने जंगलों और पहाड़ी क्षेत्र में होने के कारण शराब तस्कर यहां सक्रिय थे और पुलिस की गतिविधियों पर नजर रखकर बच निकलते थे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर विशेष अभियान चलाया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह और एसडीओपी कोटा नुपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में बेलगहना चौकी पुलिस ने रणनीति बनाते हुए अनोखा तरीका अपनाया।
पुलिस टीम ने इस बार दर्शनार्थियों का भेष धारण किया और पिकअप वाहन से मंदिर पहुंची। इस गुप्त ऑपरेशन के चलते आरोपियों को भनक तक नहीं लगी और मौके पर ही शराब बेचते हुए धर दबोचा गया।
गिरफ्तार आरोपी:
मो. आसीफ उर्फ लवि खान (30 वर्ष) – 20 लीटर
दीपक पासी (40 वर्ष) – 50 लीटर + मोटरसाइकिल
गोरेलाल सुल्तान (50 वर्ष) – 22 लीटर
रंजीत सोनी उर्फ जीत सोनी (18 वर्ष) – 20 लीटर
करीम खान (29 वर्ष) – 20 लीटर
जशवंत सिंह (52 वर्ष) – 30 लीटर
सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
खास बात:करीब 50 किलोमीटर दूर, दुर्गम और जंगल-पहाड़ से घिरे इलाके में इस तरह की सटीक और गुप्त कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
बेलगहना पुलिस की इस रणनीतिक कार्रवाई ने यह साफ कर दिया है कि अब अवैध शराब कारोबारियों के लिए कोई भी जगह सुरक्षित नहीं है। क्षेत्र में आगे भी इस तरह के अभियान जारी रहने की बात कही गई है।
