19 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:जिले में अवैध सट्टा कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत तारबाहर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना तारबाहर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सट्टा पट्टी लिखने वाले एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर सटोरियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि पुराना बस स्टैंड स्थित हनुमान मंदिर के पास एक व्यक्ति लोगों को पैसों का लालच देकर अंकों पर सट्टा लगवा रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से सट्टा पट्टी, एक मोबाइल फोन और नगदी 4,500 रुपए बरामद किए गए। जब्त किए गए मोबाइल की जांच में व्हाट्सएप के माध्यम से सट्टा लेन-देन के प्रमाण भी मिले हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत 14,500 रुपए बताई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुशांत गुलहरे (43 वर्ष), निवासी टिकरापारा, बिलासपुर के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 6 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विधिवत कार्रवाई की गई है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र अनंत के नेतृत्व में उपनिरीक्षक रामनरेश यादव, भागीरथी गेंदले, आरक्षक राहुल राजपूत और महेंद्र सोनकर की सराहनीय भूमिका रही।
