बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र के नगोई चौक स्थित पेट्रोल पंप के सामने तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से स्कूटी सवार दो महिलाएं घायल हो गईं। हादसे में दोनों के पैरों में चोटें आई हैं और उनका उपचार अपोलो अस्पताल में जारी है। मामले में सरकंडा पुलिस ने ट्रक चालक संदीप यादव को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस में दर्ज एफआईआर के अनुसार, घटना 16 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 12:20 बजे की है। बहतराई निवासी पूर्णिमा शुक्ला अपनी स्कूटी क्रमांक CG 10 BV 8041 से घरेलू सहायिका रीना साहू को बैठाकर हर्ष किंगडम अपार्टमेंट जा रही थीं। इसी दौरान नूतन चौक की ओर से आ रहे ट्रक क्रमांक CG 15 DF 3345 के चालक ने कथित तौर पर लापरवाही से वाहन चलाते हुए स्कूटी को बाईं ओर से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों महिलाएं सड़क पर गिरकर घायल हो गईं।

जांच में सामने आए विवरण के मुताबिक, ट्रक का पंजीयन कुलविंदर सिंह पाल काला, निवासी आर्या कॉलोनी, तिफरा के नाम पर बताया गया है। ट्रक किराये पर देने के संबंध में रामवेली निवासी हरविंदर सिंह का नाम भी सामने आया है। हादसे के बाद पूर्णिमा शुक्ला ने 18 अक्टूबर को सरकंडा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 125(क) और 281 के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की है।
