बिलासपुर। पति की मौत के बाद तीन बच्चों के साथ जीवन गुजार रही महिला को शादी करने और उसके बच्चों को अपनाने का झांसा देकर कथित तौर पर शारीरिक शोषण और लाखों रुपये की ठगी करने के मामले में सरकंडा पुलिस ने आरोपी मनोज कुमार यादव (30) को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर महिला से लगभग 20 से 22 लाख रुपये नगद और फोनपे के माध्यम से लेने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी को दुर्ग जिले के धमधा से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता के पति की सितंबर 2025 में मृत्यु के बाद पूर्व परिचित मनोज यादव उसके संपर्क में आया। आरोप है कि उसने महिला से शादी करने और उसके तीनों बच्चों को अपनाने का वादा किया। इसी भरोसे का फायदा उठाकर उसने महिला के साथ शारीरिक संबंध बनाए और पामगढ़ में मकान खरीदने सहित अन्य बहाने बनाकर उसके बीमा और बैंक खातों की रकम ले ली। पैसे मिलने के बाद आरोपी ने अपना मोबाइल बंद कर दिया और शादी करने से मुकर गया। शिकायत पर थाना सरकंडा में अपराध क्रमांक 1213/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 69 और 318(4) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में पुलिस टीम और साइबर सेल ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश की। उसकी लोकेशन धमधा में मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने रकम अपने और परिवार के उपयोग, सोने के जेवर छुड़ाने तथा व्यक्तिगत खर्चों में इस्तेमाल करने की बात स्वीकार की। उसके कब्जे से बैंक एटीएम कार्ड, ऋण संबंधी दस्तावेज और वीवो मोबाइल फोन जब्त किया गया है।
