19 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/सीपत
बिलासपुर, 19 अप्रैल 2026। जिले के सीपत थाना क्षेत्र में पुलिस ने मोबाइल टावरों से केबल तार चोरी करने वाले सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इस मामले में तीन वयस्क आरोपियों समेत तीन विधि से संघर्षरत बालकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये के केबल तार, तार काटने के औजार और एक आर्टिका कार जब्त की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 19 अप्रैल को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम खम्हरिया के सोंठी रोड बाजार के पास कुछ युवकों की गतिविधियां संदिग्ध हैं। वे दिन में कमरे में रहते हैं और रात के समय एक कार से घूमते हैं। सूचना पर थाना प्रभारी सीपत ने तत्काल टीम गठित कर घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ा।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पहले पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपियों ने बताया कि वे पिछले 4-5 महीनों से गिरोह बनाकर बिलासपुर, मुंगेली, कबीरधाम, कोरबा सहित विभिन्न क्षेत्रों में मोबाइल टावरों से कॉपर केबल और एल्युमिनियम तार चोरी कर रहे थे।
गिरफ्तार आरोपी:
शहबाज अली (25 वर्ष), निवासी खम्हरिया, थाना सीपत
जगदीश कुमार पटेल (24 वर्ष), निवासी खम्हरिया, थाना सीपत
मोईउद्दीन (27 वर्ष), निवासी खम्हरिया, थाना सीपत
तीन विधि से संघर्षरत बालक
बरामद संपत्ति: पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छीला हुआ कॉपर केबल वायर (लगभग 1 क्विंटल 2 किलोग्राम) जिसकी कीमत 1,22,400 रुपये, प्लास्टिक कोटेड कॉपर केबल (54 किलोग्राम) कीमत 1,08,000 रुपये तथा 12 बंडल एल्युमिनियम तार कीमत 60,000 रुपये सहित कुल 2,90,400 रुपये का सामान जब्त किया है। साथ ही वारदात में प्रयुक्त सफेद रंग की आर्टिका कार भी बरामद की गई है।
पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्याय बोर्ड बिलासपुर के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। इस कार्रवाई को क्षेत्र में हो रही केबल चोरी की घटनाओं पर बड़ी सफलता माना जा रहा है।
