19 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/सिटी कोतवाली
बिलासपुर, 19 अप्रैल 2026। शहर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिटी कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वाहन चेकिंग और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने ऑटो में अवैध मादक पदार्थ गांजा ले जा रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 18 अप्रैल को सूचना मिली थी कि ज्वाली नाला क्षेत्र में तीन युवक ऑटो से उतरकर गांजा बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीनों संदिग्धों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास अलग-अलग बैग में कुल 20 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये है, बरामद किया गया। जब्त किए गए गांजे में—
आदित्य कुचबदिया के पास से 7 किलो
पंकज कुचबदिया के पास से 7 किलो
कोहिनूर कुचबदिया के पास से 6 किलो गांजा मिला
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) व 29 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के बाद आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
यह पूरी कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के दिशा-निर्देशन में की गई।
पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।
