19 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/चौकी मल्हार
बिलासपुर, 19 अप्रैल 2026। धार्मिक नगरी मल्हार में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। बीट आरक्षक की सूचना पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने 35 नग देसी मसाला शराब और बिक्री की नकद राशि जब्त की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि वार्ड नंबर 4 मल्हार निवासी राजेश्वर केवट (27 वर्ष) अपने घर से अवैध रूप से देसी मसाला शराब बेच रहा है। इस संबंध में बीट आरक्षक द्वारा पहले भी सूचना दी गई थी, जिसके बाद पुलिस आरोपी की गतिविधियों पर लगातार नजर रखे हुए थी।
रविवार को पुख्ता सूचना मिलने पर मल्हार पुलिस ने आरोपी के घर की घेराबंदी कर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान आरोपी को मौके पर ही शराब बेचते हुए पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 35 पाव देसी मसाला शराब एवं बिक्री की 150 रुपये नकद राशि बरामद हुई, जिसे विधिवत जब्त किया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस पूरी कार्रवाई में उप निरीक्षक अवधेश सिंह, प्रधान आरक्षक नुवास तिग्गा, आरक्षक किशन राय और आरक्षक श्यामलाल सोनवानी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
