बिलासपुर/कोटा। दिवाली के फटाके फोड़ने की बात पर ऐसा विवाद भड़का कि मामला पथराव और तोड़फोड़ तक पहुंच गया। ग्राम गनियारी के वर्मा मोहल्ले में एक बच्चे पर पत्थर फेंककर उसे घायल करने और कार का पिछला शीशा तोड़ने का आरोप लगा है। पीड़िता की शिकायत पर कोटा पुलिस ने आरोपी पति-पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मामला 22 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 4 बजे का बताया गया है। शिकायतकर्ता मनीषा वर्मा के मुताबिक, उनका बेटा सम्मीत वर्मा घर के सामने गली में फटाके फोड़ रहा था। इसी बात को लेकर मोहल्ले के राजपाल वर्मा और उसकी पत्नी आशा वर्मा ने कथित तौर पर गाली-गलौज शुरू कर दी।

आरोप है कि जान से मारने की धमकी देते हुए पत्थर फेंके गए, जिनमें से एक पत्थर बच्चे के दाहिने पैर में लगा और खून निकलने लगा।

विवाद के दौरान पत्थर मारकर मनीषा वर्मा की कार क्रमांक CG 11 AS 8030 का पिछला शीशा भी तोड़ने का आरोप है। घटना के संबंध में सुनीता वर्मा और ललिता वर्मा के गवाह होने की बात शिकायत में कही गई है। कोटा पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस जांच में घटना की पूरी सच्चाई सामने आएगी।
