19 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर, 19 अप्रैल 2026। जिले में 14 से 20 अप्रैल तक मनाए जा रहे ‘अग्निशमन सेवा सप्ताह’ के तहत नगर सेना द्वारा रिवरव्यू तट पर भव्य फायर शो एवं मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के दिशा-निर्देश में आयोजित हुआ, जिसका उद्देश्य आम नागरिकों को आगजनी से बचाव के प्रति जागरूक और प्रशिक्षित करना रहा।

लाइव प्रदर्शन में सीखी उपयोगी तकनीक
कार्यक्रम में नगर सेना की टीम ने गैस सिलेंडर में आग लगने जैसी आपात स्थिति से निपटने का लाइव प्रदर्शन किया। अधिकारियों ने बताया कि घबराने के बजाय सही तकनीक अपनाकर—जैसे गीले बोरे का उपयोग—कुछ ही मिनटों में आग पर काबू पाया जा सकता है।
आमजन ने भी संभाला मोर्चा
इस आयोजन की खास बात रही जनभागीदारी। मौके पर मौजूद नागरिकों ने स्वयं आगे बढ़कर मॉक ड्रिल में हिस्सा लिया और अपने हाथों से आग बुझाने का अभ्यास किया। इससे लोगों में आत्मविश्वास बढ़ा और डर कम हुआ।

फायर एक्सटिंगुइशर का प्रशिक्षण
अग्निशमन यंत्र (फायर एक्सटिंगुइशर) के सही उपयोग का भी विस्तृत प्रदर्शन किया गया। नागरिकों को इसे चलाने की विधि सिखाई गई ताकि आपात स्थिति में वे तत्काल कार्रवाई कर सकें।
उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मान
अभियान के दौरान उत्कृष्ट योगदान देने वाले कर्मियों और सहयोगियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने उनकी कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए आगे भी इसी तरह सेवा करने के लिए प्रेरित किया।

सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव
जिला सेनानी दीपांकुर नाथ एवं अन्य अधिकारियों ने नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि आगजनी की घटनाओं में सतर्कता ही सबसे प्रभावी बचाव है। उन्होंने अपील की कि आग लगने पर तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दें और प्राथमिक बचाव के लिए आवश्यक जानकारी अवश्य रखें।
बड़ी संख्या में अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह (ग्रामीण), पंकज पटेल (शहर), राम गोपाल करियारे (ट्रैफिक), सीएसपी गगन कुमार (कोतवाली), निमितेश सिंह (सिविल लाइन), डीएसपी मंजुला केरकेट्टा सहित नगर सेना एवं पुलिस के कई अधिकारी और जवान उपस्थित रहे।
नगर सेना का यह जागरूकता अभियान 20 अप्रैल तक जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जारी रहेगा, जिससे आगजनी से होने वाली जन-धन हानि को कम किया जा सके।
