19 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/सिटी कोतवाली
बिलासपुर:शहर के जूना बिलासपुर स्थित कालिका पान ठेला के पास हुए एक विवाद ने गंभीर रूप ले लिया, जहां मामूली कहासुनी के बाद आरोपी ने मारपीट कर एक व्यक्ति को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद से पीड़ित अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कृष्णा नगर निवासी श्रीमती जमुना यादव ने थाना सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके पति गणेश यादव, जो कालिका पान ठेला में कार्यरत हैं, 26 मार्च 2026 की सुबह करीब 10:30 बजे अपने काम पर थे। इसी दौरान इंद्र पटेल उर्फ बड़े गुड्डू वहां पहुंचा और विवाद करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और मारपीट कर जोर से धक्का दे दिया, जिससे गणेश यादव जमीन पर गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोट आई।

घायल को तत्काल सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर रायपुर रेफर किया गया। वर्तमान में उनका इलाज बिलासपुर के नोबल अस्पताल में जारी है और वे कोमा में हैं।

मामले में थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 206/2026 के तहत धारा 296, 115(2), 351(3) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया था। बाद में मेडिकल रिपोर्ट में चोट को गंभीर और जानलेवा पाए जाने पर धारा 109 बीएनएस भी जोड़ी गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के निर्देशन में पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।
पुलिस ने आरोपी इंद्र पटेल उर्फ बड़े गुड्डू (50 वर्ष), निवासी कृष्णा नगर, जूना बिलासपुर को 17 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
