30 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/कोनी
बिलासपुर। अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय में परीक्षा परिणामों में गड़बड़ी और ATKT छात्रों के भविष्य को लेकर छात्र राजनीति गरमा गई है। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) ने मुख्य परीक्षा 2026 (सेमेस्टर) के परिणामों में भारी अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

इस विषय में NSUI के पदाधिकारियों ने कुलपति को ज्ञापन सौंपकर बताया कि शासकीय जे.एम.पी. महाविद्यालय तखतपुर के कई छात्र-छात्राओं को विभिन्न विषयों में 00 अंक देकर असफल घोषित कर दिया गया है, जो मूल्यांकन प्रक्रिया में गंभीर त्रुटि को दर्शाता है। इस दौरान प्रभावित छात्र-छात्राएं भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और अपनी समस्याएं सामने रखीं।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि पूर्व में छात्रों के हित को देखते हुए ऐसे मामलों में राहत दी जाती रही है। इसी परंपरा को जारी रखते हुए इस वर्ष भी एटीकेटी छात्रों को सशर्त अगली कक्षा में प्रवेश दिया जाना चाहिए, ताकि उनकी पढ़ाई बाधित न हो।

इसके साथ ही संगठन ने ATKT (एक या दो विषयों में फेल) छात्रों के मुद्दे को भी प्रमुखता से उठाया। NSUI का कहना है कि बड़ी संख्या में छात्र केवल एक या दो विषयों में पिछड़ने के कारण अगली कक्षा में प्रवेश से वंचित हो रहे हैं, जिससे उनका पूरा एक साल बर्बाद होने की स्थिति बन रही है।
एनएसयूआई ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि विश्वविद्यालय प्रशासन ने जल्द ही सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो संगठन छात्रों के हित में उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में छात्र और NSUI संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन से संवेदनशीलता दिखाते हुए छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखकर त्वरित निर्णय लेने की अपील की है।
