30 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/SECL
बिलासपुर: साऊथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में भूमि अधिग्रहण के बदले रोजगार नीति के तहत 754 पात्र भू-स्वामियों को नौकरी प्रदान कर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। कंपनी ने इस प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी एवं निष्पक्ष बनाने के लिए उच्चस्तरीय स्थायी समीक्षा समिति का गठन भी किया है।
जानकारी के अनुसार, बीते वित्तीय वर्ष में एसईसीएल द्वारा 300 हेक्टेयर से अधिक भूमि का अधिग्रहण किया गया, जिसके अंतर्गत प्रभावित परिवारों को कंपनी की निर्धारित नीतियों के अनुसार लाभ दिया जा रहा है। कंपनी का कहना है कि वास्तविक हितग्राहियों तक लाभ पहुंचे, यह उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

नई गठित समिति में महाप्रबंधक (भू-राजस्व) को अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि महाप्रबंधक (योजना-परियोजना) और महाप्रबंधक (श्रमशक्ति) को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। समिति का मुख्य कार्य आवेदनों और दस्तावेजों की जांच, शिकायतों का समयबद्ध निपटारा और निष्पक्ष अनुशंसा देना होगा।
एसईसीएल ने स्पष्ट किया है कि हाल के समय में कुछ भ्रामक और आधारहीन शिकायतें भी सामने आई हैं, जिन पर कंपनी सख्ती से कार्रवाई करने के लिए अधिकृत है। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे केवल अधिकृत जानकारी पर ही भरोसा करें और किसी भी तरह के प्रलोभन से बचें।
कंपनी ने यह भी बताया कि किसी भी प्रकार की जानकारी या शिकायत के लिए इच्छुक व्यक्ति बिलासपुर स्थित मुख्यालय में महाप्रबंधक (भू-राजस्व) कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
