30 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:छत्तीसगढ़ की होनहार वेटलिफ्टर ज्ञानेश्वरी यादव ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए आईबीएफसी यूनिवर्सल कप-2026 में 53 किलोग्राम वर्ग में गोल्ड मेडल जीतकर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।
समोआ के एपिया स्थित तुआनाईमाटो स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 25 अप्रैल से 2 मई तक आयोजित इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में करीब 70 देशों के 500 खिलाड़ी और 200 अधिकारी भाग ले रहे हैं। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच ज्ञानेश्वरी ने अपने ग्रुप में पहला स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।
यह उपलब्धि आगामी कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 के क्वालीफिकेशन के लिहाज से भी बेहद अहम मानी जा रही है।
ज्ञानेश्वरी का खेल सफर भी उपलब्धियों से भरा रहा है। वे पहले जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल और सीनियर कॉमनवेल्थ में गोल्ड मेडल जीत चुकी हैं। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए राज्य शासन द्वारा उन्हें गुण्डाधुर पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है।
वर्तमान में ज्ञानेश्वरी यादव छत्तीसगढ़ पुलिस, राजनांदगांव में पदस्थ हैं। उनकी इस सफलता के पीछे उनके कोच अजय लोहार विश्वकर्मा का विशेष योगदान रहा है, जिनके मार्गदर्शन में उन्होंने यह मुकाम हासिल किया।
ज्ञानेश्वरी की इस उपलब्धि से पूरे प्रदेश में खुशी की लहर है और युवा खिलाड़ियों के लिए यह एक प्रेरणा बनकर उभरी है।
