29 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
बिलासपुर/रायगढ़ विशेष…..
रायगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर लापता नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर लिया और उसे बहला-फुसलाकर भगा ले जाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 27 अप्रैल को थाना कोतवाली में 13 वर्षीय बालिका की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। परिजनों ने बताया कि बालिका दोपहर घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया।
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि बालिका सक्ती जिले के डभरा क्षेत्र में है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बालिका को सकुशल दस्तयाब कर लिया। साथ ही संदेही युवक रमेश यादव (21 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी की बालिका से एक वर्ष पहले मेले में पहचान हुई थी और दोनों के बीच मोबाइल पर संपर्क था। आरोपी खुद को अविवाहित बताकर बालिका को शादी का झांसा देता रहा। 27 अप्रैल को रायगढ़ आकर आरोपी ने रोज गार्डन के पास बालिका से मुलाकात की, जहां उसने प्रलोभन देकर उसके साथ दुष्कर्म किया और फिर मोटरसाइकिल से अपने गांव ले गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन जब्त किया है। मामले में बालिका के मेडिकल परीक्षण और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ अपहरण, दुष्कर्म एवं पॉक्सो एक्ट के तहत धाराएं बढ़ाई गईं। आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सुखनंदन पटेल, उप निरीक्षक ऐनु देवांगन, उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त सहित कोतवाली स्टाफ की अहम भूमिका रही।
