17 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/यातायात पुलिस
बिलासपुर में अव्यवस्थित ऑटो संचालन पर लगाम कसने के लिए यातायात पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में विशेष अभियान चलाकर ऑटो चालकों पर सघन कार्रवाई की गई।

यातायात पुलिस द्वारा शहर में पेट्रोल, डीजल और इलेक्ट्रिक ऑटो चालकों को पहले ही कई बैठकों के माध्यम से समझाइश दी जा चुकी थी, लेकिन इसके बावजूद कई चालक नियमों का उल्लंघन करते हुए बेतरतीब ढंग से वाहन चला रहे थे, जिससे आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी हो रही थी।
इसी को देखते हुए पुलिस ने अभियान चलाकर ऑटो चालकों की जांच की। इस दौरान चालकों को खाकी यूनिफॉर्म पहनने, ड्राइविंग लाइसेंस और सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखने, तय क्षमता से अधिक सवारी नहीं बैठाने, नो एंट्री और नो पार्किंग नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए। साथ ही इलेक्ट्रिक ऑटो में स्पष्ट और मानक अनुसार नंबर प्लेट लगाने की भी सख्त हिदायत दी गई।

पुलिस ने साफ किया है कि जो भी ऑटो चालक नियमों का उल्लंघन करते पाए जाएंगे, उनके खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जा सके।
यातायात पुलिस ने ऑटो यूनियनों और संगठनों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि वे अपने सदस्यों को नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें, जिससे शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू और सुरक्षित बनी रहे।
