17 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रतनपुर
बिलासपुर। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रतनपुर पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए भारी मात्रा में अवैध गांजा जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान 245 किलोग्राम गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक मारुति अर्टिगा कार (CG 04QD 7255) में अवैध रूप से गांजा कटघोरा से मरवाही के रास्ते मध्यप्रदेश ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में टीम गठित कर नेशनल हाईवे स्थित नवापारा चौक भेड़ीमुंडा के पास घेराबंदी की गई।
जांच के दौरान संदिग्ध अर्टिगा वाहन को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें 245 किलो गांजा बरामद हुआ। जब्त गांजा की कीमत लगभग 1 करोड़ 22 लाख रुपए बताई जा रही है। साथ ही परिवहन में प्रयुक्त अर्टिगा वाहन, जिसकी कीमत करीब 8 लाख रुपए है, को भी जब्त किया गया। कुल जब्ती की कीमत 1 करोड़ 30 लाख 50 हजार रुपए आंकी गई है।
मामले में आरोपी अमित कुमार केवट (33 वर्ष), निवासी भुतहीटोला थाना बुढार जिला शहडोल (मध्यप्रदेश) को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के खिलाफ थाना रतनपुर में नारकोटिक एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी रतनपुर प्रशिक्षु आईपीएस अंशिका जैन, निरीक्षक अनिल अग्रवाल, एसीसीयू प्रभारी निरीक्षक गोपाल सतपथी, उपनिरीक्षक विष्णु यादव, कमलेश बंजारे सहित अन्य पुलिस स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
