17 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह द्वारा शुक्रवार को पुलिस लाइन में आयोजित जनरल परेड का निरीक्षण किया गया। इस दौरान जवानों के टर्न आउट, स्क्वाड ड्रिल, शस्त्र अभ्यास, ट्रैफिक मैन्युअल सिग्नल सहित विभिन्न गतिविधियों का बारीकी से अवलोकन किया गया। साथ ही शासकीय वाहनों का निरीक्षण कर वज्र वाहन का डेमो भी कराया गया।

जनरल परेड के दौरान एसएसपी रजनेश सिंह ने पुलिस अधिकारियों और जवानों को दैनिक ड्यूटी में बेहतर प्रदर्शन, बीट सिस्टम को मजबूत करने, पुलिस की सक्रियता और आम जनता के बीच दृश्यता बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने असामाजिक तत्वों की पहचान कर उन पर नियंत्रण रखने तथा आम नागरिकों की सुरक्षा और सेवा भावना को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने और उल्लंघन करने वालों पर कठोर कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।

इसी क्रम में 14 अप्रैल से मनाए जा रहे अग्निशमन सेवा सप्ताह के तहत पुलिस बल को अग्नि सुरक्षा का विशेष प्रशिक्षण दिया गया। पुलिस लाइन सहित विभिन्न स्थानों पर अग्निशमन सेवा, एसडीआरएफ और होमगार्ड की टीम द्वारा प्रदर्शन, कार्यशाला और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों और जवानों को आग लगने की स्थिति में प्राथमिक प्रतिक्रिया, भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा उपाय और राहत कार्यों की जानकारी दी गई। आग के विभिन्न प्रकार—ठोस (A), तरल (B), गैस (C) एवं विद्युत—के अनुसार अग्निशमन यंत्रों के उपयोग का व्यावहारिक अभ्यास कराया गया। साथ ही डीसीपी, पानी, ड्राई CO₂ और फोम जैसे उपकरणों के उपयोग की जानकारी दी गई।

घरेलू गैस सिलेंडर में आग लगने की स्थिति से निपटने के लिए भी अभ्यास कराया गया, जिसमें अग्निशमन यंत्र, कंबल, बाल्टी आदि के माध्यम से आग पर नियंत्रण पाने के तरीके बताए गए। आगजनी की घटनाओं में अग्निरोधक ड्रेस पहनकर सुरक्षित तरीके से बचाव कार्य करने का प्रशिक्षण भी दिया गया।

पुलिस अधिकारियों को अपने कार्यालय, घर और वाहनों में ABC टाइप अग्निशमन यंत्र रखने के निर्देश दिए गए तथा आम नागरिकों को भी इसके प्रति जागरूक करने को कहा गया। आगामी दिनों में रिवर व्यू सहित अन्य स्थानों पर आम जनता के लिए भी ऐसे प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में होमगार्ड एवं एसडीआरएफ के अधिकारियों ने डेमो देकर जवानों को अभ्यास कराया। कार्यक्रम में
पुलिस उप महानिरीक्षक/ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह आईपीएस निर्देशन पुलिस उप महानिरीक्षक होम गार्ड श्री लक्ष्मी प्रसाद वर्मा के मार्गदर्शन में डिविजनल कमांडेंट नरसिंग नेताम, डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट दीपांकुर नाथ, स्टेशन फायर ऑफ़िसर वेदनारायण सेन और उनकी टीम ने प्रशिक्षण दिया । इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामगोपाल करियारे,डीएसपी यातायात शिवचरण परिहार, डीएसपी लाइन मंजुलता केरकेट्टा, सीएसपी सिविल लाइन निमितेश सिंह, एसडीपीओ कोटा नूपुर उपाध्याय, थाना चौकी प्रभारी सहित 188 अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे ।
