15 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। भारत रत्न, महान समाज सुधारक एवं संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की जयंती के पावन अवसर पर बौद्ध समाज द्वारा एक सराहनीय पहल करते हुए विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों को आमंत्रित कर उनका सम्मान किया गया। इस आयोजन ने सामाजिक एकता और भाईचारे का एक सुंदर संदेश दिया।
कार्यक्रम में सिंधी समाज की ओर से विश्व सिंधी सेवा संगम युवा विंग बिलासपुर के जिलाध्यक्ष लखन नागदेव को भी सम्मानित किया गया। बौद्ध समाज द्वारा किए गए इस सम्मान से सभी समाजों में खुशी और सौहार्द का वातावरण देखने को मिला।
इस अवसर पर लखन नागदेव ने बौद्ध समाज का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बाबा साहेब की जयंती पर इस प्रकार का आयोजन समाज को जोड़ने वाला और प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि बौद्ध समाज ने सभी वर्गों को साथ लेकर एकता का जो संदेश दिया है, वह अत्यंत प्रशंसनीय है।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों को याद करते हुए सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
यह आयोजन न केवल श्रद्धांजलि का माध्यम बना, बल्कि समाज में आपसी सहयोग और एकजुटता की मजबूत मिसाल भी पेश कर गया।
