16 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। यदुनंदन नगर तिफरा स्थित मुक्तिधाम में अब अंतिम संस्कार से पहले श्रद्धांजलि और पूजा की व्यवस्था अधिक व्यवस्थित और सम्मानजनक हो गई है। यहां समाजसेवी दिनेश चंदानी (होटल बंसीवाला) द्वारा एक सराहनीय पहल करते हुए “शव विश्राम स्थल” का निर्माण कराया गया है।

अब तक मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार से पहले शव को रखने के लिए कोई उचित स्थान नहीं था, जिसके कारण परिजनों को जमीन पर ही शव रखकर अंतिम दर्शन और पूजा विधि करनी पड़ती थी। इस स्थिति को देखते हुए दिनेश चंदानी ने यह पहल की और एक समर्पित शव विश्राम स्थल बनवाया, जिससे अंतिम संस्कार से पूर्व श्रद्धांजलि देने की प्रक्रिया अब सम्मानजनक तरीके से हो सकेगी।
उन्होंने बताया कि माँ काली श्मशान वासिनी के आशीर्वाद से प्रेरित होकर उन्होंने यह छोटा सा प्रयास किया है, ताकि दुख की घड़ी में आने वाले परिवारों को थोड़ी राहत और सुविधा मिल सके।
यह कार्य न केवल सामाजिक संवेदनशीलता का उदाहरण है, बल्कि यह दर्शाता है कि छोटी-छोटी पहल भी समाज में बड़ा बदलाव ला सकती हैं। स्थानीय लोगों ने इस सराहनीय कार्य के लिए दिनेश चंदानी की जमकर प्रशंसा की है।
