01 सितम्बर 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बोदरी चौक में हाथ में धारदार चाकू लेकर राहगीरों को डराना-धमकाना एक युवक को भारी पड़ गया। चकरभाठा पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। उसके कब्जे से लोहे का धारदार चाकू बरामद कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक अपराध पतासाजी के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि बोदरी चौक में एक युवक चाकू लहराकर आने-जाने वाले लोगों को धमका रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर विष्णु सूर्यवंशी (21), निवासी बोदरी को पकड़ लिया।
तलाशी में उसके कब्जे से एक लोहे का चाकू बरामद हुआ।
चाकू के संबंध में आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। सार्वजनिक स्थान पर अवैध रूप से धारदार हथियार लहराकर लोगों में भय पैदा करने के मामले में पुलिस ने उसके खिलाफ धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया और विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अपराध या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल डायल 112 अथवा चकरभाठा थाना पुलिस को दें।
