12 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:मदद करना कभी-कभी भारी भी पड़ सकता है—ऐसा ही मामला चकरभाठा थाना क्षेत्र की रॉयल एलीगेंस कॉलोनी में सामने आया है। यहां कॉलोनी में कार्यरत एक सुपरवाइजर को घायल युवक की मदद करना महंगा पड़ गया।
मिली जानकारी के अनुसार, कॉलोनी में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत हेम सिंह यादव रोज की तरह पेड़-पौधों में पानी दे रहे थे। इसी दौरान कॉलोनी निवासी ललित साहू अपनी बुलेट मोटरसाइकिल से अंदर आ रहा था। बताया जा रहा है कि वह नशे की हालत में था और अचानक असंतुलित होकर बाइक से गिर पड़ा।
हेम सिंह यादव ने मानवता दिखाते हुए उसे उठाया और उसकी गिरी हुई चाबी भी वापस सौंप दी। लेकिन नशे में धुत युवक ने उल्टा गार्ड के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
घटना यहीं नहीं रुकी। कुछ समय बाद युवक अपने साथियों के साथ स्कॉर्पियो वाहन में वापस आया और दोबारा गार्ड के साथ मारपीट की। इस पूरी घटना से कॉलोनी में हड़कंप मच गया।
पीड़ित हेम सिंह यादव ने मामले की शिकायत चकरभाठा थाने में दर्ज कराई है और घटना का सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को सौंप दिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा।
यह घटना एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि क्या अब मदद करने से पहले भी लोगों को सोचना पड़ेगा?
