12 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर खनिज विभाग की टीम ने अलग-अलग क्षेत्रों में छापेमारी कर 2 हाइवा और 6 ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित कुल 8 वाहनों को जब्त किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिले में अवैध रेत, मुरुम और गिट्टी के परिवहन पर लगातार सख्ती बरती जा रही है। 10 और 12 अप्रैल को खनिज विभाग की टीम ने चकरभाठा, रहंगी-बिल्हा, दगोरी, उमरिया, उड़गन, उड़नताल, खपरी, कोहरौदा, बर्तोरी, सेलर, पिपरा और खैरा सहित कई क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया।
जांच के दौरान उड़नताल क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन करते 2 ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़े गए, जबकि उमरिया क्षेत्र में ईंट-मिट्टी का परिवहन करते 2 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए गए। खैरा क्षेत्र से मुरुम का अवैध परिवहन करते 1 हाइवा वाहन और अशोक नगर क्षेत्र से गिट्टी परिवहन करते 1 हाइवा वाहन को भी कब्जे में लिया गया। इसके अलावा पिपरा क्षेत्र में रेत परिवहन करते 2 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की गईं।
इस तरह कुल 8 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए उन्हें बिल्हा एवं कोनी थाना पुलिस की अभिरक्षा में रखा गया है।
खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
