11 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/चकरभाठा/छतौना
बिलासपुर। सड़क सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस बिलासपुर ने एक अभिनव पहल करते हुए जिले में पहली बार “यातायात हेलमेट बूथ” की शुरुआत की है। इस अभियान का शुभारंभ 10 अप्रैल 2026 को छतौना मोड़, हाईकोर्ट रोड (थाना चकरभाठा) में भव्य कार्यक्रम के साथ किया गया।

इस महत्वपूर्ण अवसर पर जिला कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल, पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह, जिला पंचायत सीईओ श्री संदीप अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) श्री रामगोपाल करियारे, नगर पालिका अध्यक्ष बोदरी श्री विजय वर्मा, बिलासपुर मर्चेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री नानक खनूजा, विनोद मेघानी, दिनेश चंदानी, अशोक श्रीवास्तव सहित विभिन्न नागरिक संगठनों के प्रतिनिधि और शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान यातायात पुलिस द्वारा जनसहयोग से 50 जरूरतमंद दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट वितरित किए गए। साथ ही, कड़ी धूप, बारिश और ठंड में ड्यूटी करने वाले यातायात जवानों को सनग्लास एवं धूप से बचाव के विशेष वस्त्र प्रदान किए गए।
इसके अलावा, यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में उल्लेखनीय योगदान देने वाले जवानों को मंचासीन अतिथियों द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कर्यक्रम में अधिकारियों ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं के विश्लेषण में यह सामने आया है कि अधिकांश मौतें दोपहिया वाहन चालकों की होती हैं, और इनमें सबसे बड़ी वजह हेलमेट का उपयोग न करना है।
अधिकारियों और अतिथियों ने अपने संबोधन में नागरिकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें और हेलमेट को अपनी आदत बनाएं। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने अपने अनुभव साझा करते हुए सड़क सुरक्षा को गंभीरता से लेने पर जोर दिया।

यातायात पुलिस ने जानकारी दी कि यह पहल यहीं तक सीमित नहीं रहेगी। जल्द ही शहर के अन्य 9 प्रमुख स्थानों पर भी हेलमेट बूथ स्थापित किए जाएंगे, जिससे पूरे शहर में जागरूकता का व्यापक अभियान चलाया जा सके।
कार्यक्रम में पुलिस एवं प्रशासन के राजपत्रित अधिकारी, जनप्रतिनिधि, थाना प्रभारी, विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्य एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे जिले के अन्य क्षेत्रों में भी लागू करने की आवश्यकता बताई।
