11 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:शहर में सड़क सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस ने एक बड़ा कदम उठाया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में बिलासपुर पुलिस द्वारा एडवांस्ड ब्रीथ एनालाइजर मशीन के उपयोग को लेकर एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई।
चेतना भवन, पुलिस लाइन बिलासपुर में आयोजित इस कार्यशाला में जिले के सभी थाना, चौकी और पुलिस सहायता केंद्रों के प्रभारी समेत पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को आधुनिक तकनीकों की ट्रेनिंग दी गई।

प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि किस प्रकार ब्रीथ एनालाइजर (एल्कोमीटर) के माध्यम से वाहन चालकों के स्वांस में अल्कोहल की मात्रा को मापा जाता है और डिजिटल रूप से उसका डाटा संकलित कर कानूनी कार्रवाई में उपयोग किया जाता है।

तकनीकी विशेषज्ञों ने जानकारी दी कि नए एडवांस वर्जन की मशीनों में बिना फूंक लिए केवल गंध (स्मेल) के आधार पर भी शराब की मात्रा का पता लगाया जा सकता है, जिससे जांच और भी तेज और प्रभावी हो जाएगी।
यातायात पुलिस द्वारा अब ITMS, POS मशीन, नेक्स्ट जेन एम-परिवहन पोर्टल और सिटीजन सेंट्रल पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन चालानी कार्रवाई को और सख्त बनाया जा रहा है। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर तत्काल डिजिटल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई के साथ-साथ अन्य आपराधिक धाराओं में भी केस दर्ज किया जाएगा। विशेष रूप से सड़क दुर्घटनाओं में शराब के सेवन की भूमिका को देखते हुए ऐसे मामलों में एल्कोमीटर से प्राप्त आंकड़ों को विवेचना में शामिल किया जाएगा।
प्रशिक्षण में यह भी बताया गया कि भारी वाहन जैसे बस, ट्रक और ट्रेलर चालकों द्वारा नशे में वाहन चलाना दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बन रहा है। इसे रोकने के लिए औद्योगिक प्रतिष्ठानों और सार्वजनिक उपक्रमों को अपने यहां ब्रीथ एनालाइजर मशीन अनिवार्य रूप से लगाने की सलाह दी गई है।
इसके अलावा नो पार्किंग में वाहन खड़े करने वालों पर सख्ती के लिए यातायात पुलिस ने बड़ी संख्या में व्हील लॉक की व्यवस्था की है, जिससे शहरभर में अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीमती मधुलिका सिंह, डीएसपी शिवचरण परिहार, NTPC, SECL के अधिकारी, ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के सदस्य और बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।
✍️प्रधान संपादक – सीजी क्राइम रिपोर्टर✍️
