11 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। सिंधी समाज के आराध्य संत शिरोमणि संत कंवर राम साहिब की जयंती 13 अप्रैल को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाई जाएगी। इस अवसर पर पूज्य सिंधी पंचायत बिलासपुर द्वारा विविध धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जो समाज में आध्यात्मिक चेतना और सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का कार्य करेंगे।
सिंधी कॉलोनी स्थित पंचायत भवन में आयोजित बैठक में कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा तय की गई। बैठक की अध्यक्षता अध्यक्ष हुंदराज मोटवानी ने की। सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि मुख्य आयोजन सोमवार सुबह 9:30 बजे भक्त कंवर राम नगर गेट, स्मार्ट रोड में संपन्न होगा।
कार्यक्रम के अंतर्गत संत कंवर राम साहिब के चित्र पर माल्यार्पण, भजन-कीर्तन, एवं उनके जीवन आदर्शों पर आधारित प्रेरणादायक विचार प्रस्तुत किए जाएंगे। साथ ही विशेष सत्संग का आयोजन कर समाज को सेवा, भाईचारे और मानवीय मूल्यों के प्रति जागरूक किया जाएगा। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने का भी माध्यम बनेगा।
बैठक में सचिव प्रताप राय आइलानी, श्रीचंद दयालानी, महेश पमनानी, हुंदराज केमरानी, रमेश मेहरचंदानी, खुशाल वाधवानी, बृजलाल भोजवानी, रूपचंद हिरवानी, मोहनलाल मदवानी एवं महेश दुहलानी उपस्थित रहे।
समाज के प्रवक्ता हरिकिशन गंगवानी ने जानकारी देते हुए बताया कि संत कंवर राम साहिब का जीवन त्याग, सेवा और मानवता की मिसाल रहा है, और उनका संदेश आज भी समाज को सही दिशा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में एकता, प्रेम और आध्यात्मिक चेतना को सशक्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
वहीं मोहन मदवानी एवं श्रीचंद दयालानी ने समाज के सभी वर्गों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस पुण्य अवसर का लाभ उठाएं और संत कंवर राम साहिब के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करें।
