08 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर जिलेभर में 7 अप्रैल से चावल उत्सव की शुरुआत हो गई है। इस अभियान के तहत बिलासपुर जिले के लगभग 6 लाख राशन कार्डधारियों को तीन माह का चावल एकमुश्त वितरित किया जा रहा है, जिससे हितग्राहियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
जिले की 697 उचित मूल्य दुकानों में एक साथ वितरण प्रक्रिया संचालित की जा रही है। बीपीएल और एपीएल दोनों वर्ग के हितग्राहियों को निर्धारित मात्रा में तीन माह का राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। इस पहल से लोगों को बार-बार राशन दुकान जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी, जिससे समय और श्रम दोनों की बचत होगी।
कुदुदण्ड स्थित पीडीएस दुकान में राशन लेने पहुंचे हितग्राही गणेश यादव ने बताया कि तीन माह का चावल एक साथ मिलने से उन्हें काफी सुविधा हुई है। वहीं लक्ष्मी मानिकपुरी ने बताया कि उन्हें निर्धारित प्रक्रिया के बाद 105 किलो चावल मिला, जिससे अब उन्हें गर्मी में बार-बार आने की परेशानी नहीं होगी।
वृद्धा फोनी बाई ने कहा कि पहले राशन लेने में काफी समय लगता था, लेकिन अब एकमुश्त वितरण से राहत मिली है। वहीं सुनीता पात्रे ने बताया कि छोटे बच्चे के साथ बार-बार राशन लेने आना मुश्किल होता था, लेकिन अब यह समस्या खत्म हो गई है।
प्रशासन ने इस योजना के लिए पहले से ही तैयारी कर ली थी। विभागीय आंकड़ों के अनुसार, जिले में प्रति माह लगभग 17 हजार मीट्रिक टन चावल का आवंटन होता है, जिसे इस बार तीन माह के लिए एक साथ वितरित किया जा रहा है।
यह पहल न केवल लोगों के लिए सुविधाजनक साबित हो रही है, बल्कि भीषण गर्मी में राहत देने वाली भी है। प्रशासन ने सभी हितग्राहियों से अपील की है कि वे निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए समय पर अपना राशन प्राप्त करें।
