08 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन और परिवहन पर खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 22 वाहनों को जब्त किया है। इस कार्रवाई में 14 ट्रैक्टर-ट्रॉली, 5 हाइवा, 1 पोकलेन मशीन और 2 जेसीबी मशीन शामिल हैं।
कलेक्टर के निर्देश और उप संचालक के मार्गदर्शन में 4, 5 और 7 अप्रैल को खनिज विभाग की टीम ने रतखंडी, धुमा-मानिकपुर, लावर और राजपुर केकती क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान रतखंडी क्षेत्र में अरपा नदी से अवैध रेत उत्खनन और परिवहन करते हुए 10 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए गए।
वहीं धुमा-मानिकपुर क्षेत्र में अवैध मिट्टी उत्खनन करते हुए 1 पोकलेन मशीन और 4 हाइवा वाहनों को पकड़ा गया। लावर क्षेत्र में रेत परिवहन करते 1 हाइवा जब्त किया गया। राजपुर केकती क्षेत्र में 1 जेसीबी और 4 ट्रैक्टर, जबकि बुतेना क्षेत्र में मुरुम उत्खनन करते 1 जेसीबी मशीन को जब्त किया गया।
जप्त किए गए सभी वाहनों को पुलिस चौकी बेलगहना और खनिज जांच चौकी लावर की अभिरक्षा में रखा गया है। खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

